देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को गजियावाला में मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत देहरादून-किमाड़ी-लम्बीधार-कार्ट मैकेन्जी-कम्पनी गार्डन मोटर मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया। लगभग 14.55 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना के तहत सप्लाई कैन्ट से लम्बीधार-बासागाड-मसूरी मार्ग के किमी-1 से 24 तक सिंगल लेन सड़क को इंटरमीडिएट लेन में परिवर्तित किया जाएगा। परियोजना में अतिरिक्त पहाड़ कटान, क्रॉस ड्रेन और सुरक्षा दीवारों का निर्माण भी शामिल है।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मसूरी क्षेत्र के लिए यह सड़क अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके चौड़ीकरण से स्थानीय निवासियों, पर्यटकों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सड़क के सुधारीकरण से यातायात सुगम होगा और क्षेत्र में पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। मंत्री जोशी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से गजियावाला में नए पुल का निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़क संपर्क मजबूत करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। कार्यक्रम के दौरान मंत्री जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मेरा भारत, मेरा योगदान” अभियान का उल्लेख करते हुए लोगों से सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि निजी वाहनों का कम उपयोग कर साइकिल अथवा पैदल चलने की आदत अपनाने से ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
इस मौके पर मंडल महामंत्री किरण, लक्ष्मण सिंह रावत, ग्राम प्रधान सुनील क्षेत्री, विक्रम थापली, विनोद अवस्थी सहित कई जनप्रतिनिधि, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
