– एससीईआरटी में प्रतिनियुक्ति से भरे जायेंगे रिक्त पद
-शिक्षा विभाग में अटैचमेंट समाप्त करने के निर्देश
देहरादून। राज्य के अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों को शीघ्र भरा जायेगा। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि एक सप्ताह के भीतर चयनित शिक्षकों की काउंसलिंग प्रक्रिया पूर्ण कर तैनाती सुनिश्चित की जाये, ताकि विद्यालयों में पठन-पाठन प्रभावित न हो।
डा. धन सिंह रावत ने यमुना कॉलोनी स्थित शासकीय आवास पर आयोजित शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक कहा कि अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जायेगा और वरिष्ठता के आधार पर पारदर्शी तैनाती प्रक्रिया अपनाई जायेगी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि एससीईआरटी में लंबे समय से रिक्त चल रहे शैक्षणिक संवर्ग के पदों को प्रतिनियुक्ति के माध्यम से भरा जायेगा। मंत्री ने कहा कि जब तक एससीईआरटी का पृथक ढांचा स्वीकृत नहीं हो जाता, तब तक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत रिक्त पदों पर प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया जारी रहेगी, जिससे प्रशिक्षण कार्यों में कोई बाधा न आये। इसके अलावा मंत्री ने वित्त एवं कार्मिक विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर डायट्स की नियमावली को शीघ्र मंत्रिमंडल में प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। उन्होंने शिक्षा विभाग में वर्षों से लंबित पदोन्नति मामलों के समाधान के लिए उच्च न्यायालय के संबंधित पक्षों से वार्ता कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को भी कहा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शिक्षा विभाग में पिछले सत्र में किये गये सभी प्रकार के अटैचमेंट समाप्त किये जायेंगे। इससे शिक्षकों की मूल तैनाती स्थल पर उपस्थिति सुनिश्चित होगी और कार्य प्रणाली अधिक पारदर्शी बनेगी। नये सत्र में केवल आवश्यकतानुसार ही अटैचमेंट की अनुमति दी जायेगी। बैठक में सचिव विद्यालयी शिक्षा रविनाथ रमन, महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा दीप्ति सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।