– शौर्य ने गोल्ड समेत तीन तो रितेश ने पांच सिल्वर मेडल जीते
देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) ने सीबीएसई नॉर्थ जोन-1 स्विमिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ पदक स्कूल के नाम किये। स्कूल के तैराक शौर्य चौधरी ने प्रतियोगिता में एक गोल्ड, एक सिल्वर और एक ब्रांज मेडल जीता वहीं रितेश अग्रवाल ने विभिन्न स्पर्धाओं में पांच रजत पदक जीत कर तहलका मचा दिया।
शानदार प्रदर्शन के आधार पर शौर्य चौधरी और रितेश सिंह अग्रवाल का चयन सितंबर में भोपाल में होने वाली नेशनल स्विमिंग चौंपियनशिप के लिए हुआ है। बलूनी ग्रुप के एमडी विपिन बलूनी ने दोनों तैराकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्कूल छात्रों को क्वालिटी एजूकेशन के साथ ही खेलों में भी मंच दे रहा है और इसके सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं।
सीबीएसई नॉर्थ जोन-1 स्विंमिंग चैंपियनशिप आईआईएमटी मेरठ में आयोजित की गयी। इस प्रतियोगिता में उत्तर भारत के 204 स्कूलों से लगभग 1000 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में एसबीपीएस के तैराकों का जलवा रहा। प्रतियोगिता में स्कूल के दो तैराकों ने व्यक्तिगत वर्ग में कुल 8 पदक जीतकर न केवल स्कूल बल्कि प्रदेश का नाम भी रोशन किया।
अंडर-19 वर्ग की तैराकी प्रतियोगिता 200 मीटर फ्रीस्टाइल में स्कूल के शौर्य चौधरी ने गोल्ड मेडल जीता। जबकि 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले में भी सिल्वर और 100 मीटर फ्री स्टाइल में ब्रांज मेडल जीता। वहीं स्कूल के तैराक व कक्षा 11 वीं के छात्र रितेश सिंह अग्रवाल ने अंडर-17 वर्ग 5 रजत पदक जीते। रितेश ने 800 मीटर फ्रीस्टाइल, 400 मीटर फ्रीस्टाइल, 200 मीटर बैकस्ट्रोक, 100 मीटर बैकस्ट्रोक और 50 मीटर बैकस्ट्रोक में सिल्वर मेडल जीता। अब ये दोनों खिलाड़ी सीबीएसई नेशनल में सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल और उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। स्कूल प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने पदक विजेताओं को सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।