देहरादून। पढ़ाई की आड़ में हुड़दंग और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए दून पुलिस ने प्रेमनगर क्षेत्र के पीजी और हॉस्टलों में देर रात आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों ने कई पीजी और हॉस्टलों की जांच की। इस दौरान नियमों में अनियमितता मिलने पर चार हॉस्टल संचालकों को नोटिस जारी किए गए, जबकि देर रात अनावश्यक रूप से घूमते मिले चार युवकों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। उनसे पूछताछ की जा रही है।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर 20 अगस्त की देर रात चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने पीजी और हॉस्टल संचालकों से वहां रहने वाले छात्र-छात्राओं की जानकारी ली। संचालकों को सभी छात्रों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने और प्रतिष्ठानों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने हॉस्टल और पीजी संचालकों को स्पष्ट हिदायत दी कि छात्र-छात्राओं के प्रवेश के लिए रात 10 बजे की समयसीमा निर्धारित की जाए। बाहरी व्यक्तियों को बिना सत्यापन परिसर में प्रवेश न दिया जाए और आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाए।
पुलिस अधिकारियों ने संचालकों को चेतावनी दी कि यदि हॉस्टल या पीजी में रहने वाला कोई छात्र आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है अथवा नशीले पदार्थों के सेवन को लेकर शिकायत मिलती है तो संबंधित छात्र के साथ प्रतिष्ठान संचालक के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। रात के समय छात्र-छात्राओं के अनावश्यक रूप से बाहर घूमते पाए जाने पर भी संचालक की जवाबदेही तय की जाएगी। चेकिंग के दौरान चार हॉस्टलों में अनियमितताएं सामने आईं। पुलिस ने संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर निर्धारित समयसीमा में कमियां दूर करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, देर रात अनावश्यक रूप से घूमते मिले चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कहा कि प्रेमनगर क्षेत्र में पीजी और हॉस्टलों की चेकिंग का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले छात्र-छात्राओं के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
