– डॉ. के.पी. जोशी बोले— पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार
– डॉ. राकेश डंगवाल ने छात्रों को स्वच्छता और हरियाली का महत्व बताया
देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) में उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला को उत्साह और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों, शिक्षकों और अतिथियों ने मिलकर फलदार एवं छायादार पौधे लगाए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चारधाम अस्पताल के निदेशक एवं वरिष्ठ जनरल फिजिशियन डॉ. के.पी. जोशी तथा विशिष्ट अतिथि स्वच्छ भारत अभियान के ब्रांड एंबेसडर डॉ. राकेश डंगवाल ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। विद्यालय के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी और प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद सभी ने विद्यार्थियों के साथ मिलकर पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। डॉ. के.पी. जोशी ने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने छात्रों से प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि डॉ. राकेश डंगवाल ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छता और हरियाली का महत्व बताते हुए कहा कि स्वच्छ भारत का सपना तभी साकार होगा, जब हर व्यक्ति पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाए।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने कहा कि हरेला जैसे पारंपरिक पर्व नई पीढ़ी में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। वहीं प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने विद्यार्थियों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और उन्हें बड़े वृक्ष के रूप में विकसित करने का संकल्प लेने का आग्रह किया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे परिसर में हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश गूंजता रहा।