– राज्य स्तरीय उद्यमिता महोत्सव का आगाज
देहरादून। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना (एमयूवाई) के तहत शनिवार को देहरादून के राजपुर रोड स्थित सिविल सर्विस इंस्टीट्यूट में एक दिवसीय राज्य स्तरीय उद्यमिता महोत्सव शुरू हो गया है। महोत्सव का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने किया। इस मौके पर राज्य के 51 उत्कृष्ट उद्यमियों को सम्मानित किया गया।
मंत्री भरत चौधरी ने कहा कि उत्तराखंड में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और लोक कल्याणकारी सोच के साथ विकास को नई गति मिली है। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से सुझाव देकर विकास कार्यों में जनसहभागिता निभाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि पहले दूरस्थ गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की कमी के कारण पलायन एक बड़ी समस्या थी, लेकिन अब सड़क कनेक्टिविटी, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार योजनाओं के विस्तार से स्थिति तेजी से बदल रही है। आज हजारों महिलाएं उद्यमिता से जुड़कर ‘लखपति दीदी’ बन रही हैं और आत्मनिर्भरता की राह पर अग्रसर हैं। स्वयं सहायता समूहों और एमएसएमई के माध्यम से संचालित उद्यम ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बना रहे हैं। महोत्सव में 13 लखपति दीदी, 13 रीप सहायतित उद्यमी, 13 मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के उद्यमी तथा दो स्वयं सहायता समूहों के 12 सदस्यों सहित कुल 51 लाभार्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एमयूवाई ओलम्पिक्स में 100 प्रतिभागियों ने नवाचारी व्यवसायिक विचार प्रस्तुत किए, जिनमें से 18 श्रेष्ठ अवधारणाओं को चुना गया और विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर एमयूवाई वेबसाइट और त्रैमासिक न्यूजलेटर का भी शुभारंभ किया गया।
एमयूवाई एक्सपो में राज्य के 13 जनपदों के उद्यमियों ने स्थानीय उत्पादों का आकर्षक प्रदर्शन किया।
ग्राम्य विकास की अपर सचिव एवं एमयूवाई परियोजना समन्वयक झरना कमठान ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देना और उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम में अपर सचिव अनुराधा पाल, अपर आयुक्त भरत चन्द्र भट्ट, संयुक्त आयुक्त संजय कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, उद्यमी, लखपति दीदी और स्वयं सहायता समूहों के सदस्य मौजूद रहे।