PYDS की बेटियों ने जीती टेक चंद मेमोरियल बास्केटबॉल ट्रॉफी, फाइनल में दून गर्ल्स स्कूल को 26-6 से दी शिकस्त

देहरादून। पुरकुल यूथ डेवलपमेंट सोसाइटी (PYDS) की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 17वीं श्री टेक चंद मेमोरियल बास्केटबॉल प्रतियोगिता (अंडर-12 बालिका वर्ग) का खिताब अपने नाम कर लिया। दून गर्ल्स स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता के फाइनल में PYDS ने मेजबान दून गर्ल्स स्कूल को 26-6 के बड़े अंतर से हराकर चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा किया।

24 से 26 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में जिले के आठ स्कूलों की टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल में PYDS की खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। पहले क्वार्टर में PYDS ने 6 अंक बनाए, जबकि दून गर्ल्स स्कूल की टीम तीन अंक ही जुटा सकी। दूसरे और तीसरे क्वार्टर में PYDS ने आठ-आठ अंक जोड़े और मुकाबले पर पूरी तरह पकड़ बना ली। चौथे क्वार्टर में चार अंक जोड़ते हुए टीम ने मुकाबला 26-6 से अपने नाम कर लिया। फाइनल में PYDS की करुणा ने सर्वाधिक 10 अंक जुटाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें प्रतियोगिता का बेस्ट प्लेयर चुना गया। दून गर्ल्स स्कूल की सुप्रिया ने अपनी टीम के लिए तीन अंक बनाए। वहीं दून गर्ल्स स्कूल की अलाइना को मोस्ट प्रॉमिसिंग प्लेयर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

युवा खिलाड़ियों को मिला बड़ा मंच

जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता स्कूल के चेयरमैन सी.पी. डंग के पिता स्वर्गीय टेक चंद डंग की स्मृति में आयोजित की जाती है। प्रतियोगिता का उद्देश्य कम उम्र की बालिका खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि दिनेश कुमार, भारतीय बास्केटबॉल टीम के कोच और पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रहे। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को सम्मानित किया और खेल में अनुशासन, टीमवर्क व निरंतर अभ्यास के महत्व पर जोर दिया।

इस अवसर पर दून गर्ल्स स्कूल के निदेशक-वित्त मोहित डंग, निदेशक-शिक्षा मोनिशा दत्ता, प्रधानाचार्या शुचि सिन्हा, डीन ऑफ एक्टिविटीज रचना भारद्वाज, डीन ऑफ एकेडमिक्स किरण जुयाल, आयोजन सचिव गिरिश मधवाल समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे। प्रतियोगिता ने युवा बालिका खिलाड़ियों को बास्केटबॉल के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ खेल भावना, अनुशासन, टीमवर्क और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने का मंच भी प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *