बच्चों ने संभाली ट्रैफिक ड्यूटी…

– राजधानी के 65 चौराहों पर एसबीपीएस के बच्चों ने चला सड़क सुरक्षा का अनूठा अभियान

देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) और दून यूनिवर्सिटी के छात्रों ने गुरुवार को सड़क सुरक्षा को लेकर एक सराहनीय और अनूठी पहल की। स्कूल प्रबंधन के नेतृत्व में बच्चों ने आम जनता को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करने का अभियान शुरू किया।
स्कूल के छात्र-छात्राएं अपने शिक्षकों के साथ देहरादून के 65 प्रमुख चौराहों पर घोषणा-पत्र और बैनर लेकर तैनात रहे। बच्चों ने लोगों से अपील की कि ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करना, हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना और सरकार द्वारा बनाए गए सभी यातायात नियमों का पालन न सिर्फ अपनी, बल्कि पूरे परिवार की सुरक्षा के लिए अत्यंत जरूरी है।
इस जागरूकता अभियान में सीबीएसई के रीजनल ऑफिसर मनोज कुमार गुप्ता और देहरादून नगर निगम के महापौर सौरभ थपलियाल ने विशेष रूप से बच्चों का उत्साहवर्धन किया। दोनों अतिथियों ने बच्चों की इस पहल की खूब सराहना की और उन्हें आगे भी ऐसे कार्यक्रम करने के लिए प्रोत्साहित किया।
स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर विपिन बलूनी भी मुख्य चौराहों पर पहुंचकर बच्चों और शिक्षकों का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा, “बच्चों द्वारा शुरू किया गया यह अभियान पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है।”
इस मुहिम में बी डी विनोद असवाल (कन्वीनर जनाक्रोश), प्रोफेसर एच सी पुरोहित और प्रोफेसर डोभाल (दून यूनिवर्सिटी), तथा अंजलि और अंशी बीर (दूर्गा मेमोरियल ट्रस्ट) ने भी सक्रिय सहयोग दिया।
शहरवासियों ने बच्चों की इस पहल की खूब सराहना की और उनके साथ फोटो खिंचवाकर उत्साह बढ़ाया। स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और छात्रों ने पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में पूरी मेहनत की। स्कूल प्रबंधन ने बताया कि सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान को भविष्य में भी जारी रखा जाएगा ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और शहर में यातायात संस्कृति को मजबूत बनाया जा सके। अभियान साबित करता है कि अगर बच्चे जागरूक हों तो समाज में सकारात्मक बदलाव लाना मुश्किल नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *