– आठ गोल्ड और एक सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया
– ओपन शूटिंग चैंम्पियनशिप में रहा एसबीपीएस का दबदबा
देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) के निशानेबाजों ने ऋषिकेश में आयोजित ओपन शूटिंग चैम्पियनशिप में अपना दबदबा बनाया। स्कूल के निशानेबाजों ने इस प्रतियोगिता में 8 गोल्ड, 1 सिल्वर और 5 चैम्पियन ऑफ चैम्पियंस ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के 200 से भी अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था।
स्कूल पहुंचने पर मैनेजिंग डायरेक्टर विपिन बलूनी ने सभी विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। साथ ही खिलाड़ियों को शानदार उपलब्धि पर बधाई की। उन्हेांने कहा कि इस उपलब्धि से स्कूल के अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी। ऋषिकेश में आयोजित ओपन शूटिंग चैम्पियनशिप रेडफोर्ड स्कूल, ऋषिकेश में आयोजित हुई। एसबीपीएस शूटिंग एकादमी के कोच अक्षय आनंद ने बताया कि आईएसएसएफ ओपन राइफल स्पर्धा में कृतिका राणा ने टॉप -8 फाइनल में चैंम्पियन ऑफ चैंम्पियंस का खिताब जीतने के साथ 3100 रुपये का नकद पुरस्कार हासिल किया। इसी वर्ग में वेदांग जोशी ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर 2100 का पुरस्कार जीता। 10-मीटर एयर पिस्टल चैम्पियन ऑफ चैंम्पियंस में राघव रावत दूसरे स्थान पर रहे और उन्हें 2100 रुपये मिले, जबकि प्रथम सिंह ने 1100 रुपये का पुरस्कार जीता। 10-मीटर एनआर कैटेगरी में काव्यांशी ने द्वितीय स्थान के साथ 2100 रुपये का नकद पुरस्कार प्राप्त किया।
राइफल स्पर्धाओं में वेदांश जोशी ने 620.1 स्कोर के साथ अंडर-21 वर्ग में स्वर्ण, अनिरुद्ध राणाकोटी ने 618.0 स्कोर कर सीनियर वर्ग में स्वर्ण और कृतिका राणा ने 617 स्कोर कर अंडर-21 महिला वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। दिया राजपूत ने अंडर-19 में 606.5 स्कोर कर स्वर्ण जीता, जबकि काव्यांशी ने अंडर-15 वर्ग में स्वर्ण पदक पर निशाना साधा।
पिस्टल स्पर्धा में सन्नावी ने अंडर-21 महिला वर्ग और नम्या महतो ने अंडर-15 वर्ग में स्वर्ण पदक जीते। राघव रावत ने 568/600 और निखिल जीना ने 563/600 स्कोर कर स्वर्ण पदक हासिल किए। विजेताओं को सम्मानित करने के अवसर पर प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल और स्टाफ के कई प्रमुख लोग मौजूद थे।
