देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्यसेवक सदन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में विभिन्न विभागों के कुल 276 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें वन विभाग के 109, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के 88, प्राविधिक शिक्षा विभाग के 65 तथा नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के 14 अभ्यर्थी शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नवचयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करना केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि जनसेवा की नई जिम्मेदारी का आरंभ है। उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष, अनुशासन और मेहनत के बाद मिली यह सफलता युवाओं की प्रतिभा और समर्पण का परिणाम है।मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिससे भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता और विश्वास मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में लगभग 33 हजार युवाओं को मेरिट और पारदर्शिता के आधार पर सरकारी सेवाओं में अवसर दिया गया है। उन्होंने नवचयनित कार्मिकों से अपेक्षा जताई कि वे ईमानदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें, ताकि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग राज्य के सुनियोजित विकास में योगदान देगा, प्राविधिक शिक्षा विभाग तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को नई दिशा देगा, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग मातृ एवं शिशु कल्याण को सशक्त करेगा, जबकि वन विभाग राज्य की वन संपदा और जैव विविधता के संरक्षण में अहम भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, रेखा आर्या, खजान दास सहित राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सविता कपूर एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
