उत्तराखंड: आईटीआई में प्रशिक्षण व्यवस्था होगी मजबूत, 168 नए प्रशिक्षकों की तैनाती जल्द

देहरादून। राज्य में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि प्रदेश में आईटीआई में न केवल छात्र संख्या बढ़ाई जाएगी, बल्कि प्रशिक्षण की गुणवत्ता को भी बेहतर किया जाएगा।

 यह बात कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने सोमवार को विधानसभा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान कही। बैठक में कौशल विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति और आगामी भर्ती सत्र की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय योजनाओं का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि स्कूल और कॉलेज के अधिक से अधिक विद्यार्थी तथा उनके अभिभावक इन योजनाओं से जुड़ सकें। साथ ही, उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों के आसपास जागरूकता होर्डिंग लगाने पर भी जोर दिया। बैठक में जानकारी दी गई कि देहरादून के निरंजनपुर, श्रीनगर और अल्मोड़ा स्थित आईटीआई में टीवीएस कंपनी के सहयोग से स्थापित किए जा रहे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन 16 जून को किया जाएगा। इसके अलावा टाटा टेक्नोलॉजी को सौंपे गए 13 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में जुलाई से शॉर्ट टर्म कोर्स शुरू किए जाएंगे, जिनके लिए आवश्यक मशीनरी और प्रशिक्षक उपलब्ध करा दिए गए हैं। मंत्री ने यह भी बताया कि वर्तमान में प्रदेश के 32 आईटीआई ड्यूल सिस्टम ऑफ ट्रेनिंग (DST) मॉडल पर संचालित हो रहे हैं, जहां छात्रों को छह माह संस्थान और छह माह उद्योगों में प्रशिक्षण दिया जाता है। अब इस व्यवस्था का विस्तार करते हुए ऐसे संस्थानों की संख्या बढ़ाकर 45 की जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश में 168 नए आईटीआई प्रशिक्षकों की तैनाती की जाएगी, जिससे प्रशिक्षण व्यवस्था और अधिक प्रभावी हो सकेगी तथा संस्थानों की कार्यक्षमता में सुधार आएगा।बैठक में निदेशक संजय कुमार, संयुक्त निदेशक मनमोहन कुड़ियाल, उपनिदेशक शैलेन्द्र शर्मा सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *