दून पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, राजस्थान का शातिर अपराधी घायल, एक गिरफ्तार

देहरादून। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र में नयागांव बैरियर पर चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में राजस्थान का एक शातिर अपराधी घायल हो गया, जबकि उसके एक साथी को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, 4 जून की रात नयागांव बैरियर पर चेकिंग के दौरान राजस्थान नंबर की एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया। कार सवार बदमाशों ने वाहन को पुलिसकर्मियों पर चढ़ाने की कोशिश करते हुए बैरियर तोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और चीता पुलिस ने उनका पीछा शुरू किया। पीछा किए जाने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। एक गोली पुलिस के निजी वाहन के शीशे पर लगी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी की पहचान रिंकू मीणा निवासी दौसा, राजस्थान के रूप में हुई। उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद हुआ।पूछताछ में रिंकू ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों के साथ विकासनगर क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने आया था। इसके बाद चलाए गए कॉम्बिंग अभियान में पुलिस ने उसके साथी विनोद कुमार मीणा निवासी करौली, राजस्थान को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से भी एक तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ राजस्थान के विभिन्न जिलों में हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण और अन्य गंभीर अपराधों के कई मुकदमे दर्ज हैं। फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। घायल आरोपी का उपचार दून अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *