एएसआई पुणे में एसबीपीएस की प्रकाम्या कोठारी का चयन, देशभर के 150 खिलाड़ियों में बनाई जगह

– एसबीपीएस फेंसिंग अकादमी की खिलाड़ी ने तीन चरणों की कठिन चयन प्रक्रिया की पार, केवल पांच खिलाड़ियों का हुआ चयन

देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) की होनहार फेंसर प्रकाम्या कोठारी का चयन प्रतिष्ठित आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट (एएसआई), पुणे के लिए हुआ है। देशभर से आए 150 प्रतिभागियों के बीच हुए कड़े चयन में केवल पांच खिलाड़ियों ने जगह बनाई, जिनमें प्रकाम्या भी शामिल हैं। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय और उत्तराखंड का नाम रोशन हुआ है।

बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने प्रकाम्या को बधाई देते हुए कहा कि वह एक उभरती हुई प्रतिभाशाली तलवारबाज हैं और आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट में प्रशिक्षण से उनके खेल को नई दिशा मिलेगी। एसबीपीएस के फेंसिंग कोच प्रदीप कोठारी ने बताया कि 23 से 26 मार्च तक पुणे में आयोजित राष्ट्रीय फेंसिंग ट्रायल में देशभर के 150 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। चयन प्रक्रिया में खिलाड़ियों की फिजिकल फिटनेस, मेडिकल जांच और तकनीकी कौशल का परीक्षण किया गया। इन तीनों चरणों को सफलतापूर्वक पार करने के बाद केवल पांच खिलाड़ियों का चयन हुआ, जिनमें प्रकाम्या कोठारी ने भी अपनी जगह बनाई। वह 1 जुलाई 2026 से आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट, पुणे में प्रशिक्षण शुरू करेंगी। प्रकाम्या वर्ष 2018 से सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल में फेंसिंग का प्रशिक्षण ले रही हैं। वह अंडर-10 और अंडर-12 वर्ग में दो बार राष्ट्रीय फेंसिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। इससे पहले उनका चयन भारतीय खेल प्राधिकरण (साई), तिरुवनंतपुरम के लिए भी हो चुका है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने कहा कि स्कूल में शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों को भी समान प्राथमिकता दी जाती है, जिसका सकारात्मक परिणाम लगातार सामने आ रहा है। विद्यालय प्रबंधन ने प्रकाम्या की इस उपलब्धि पर फेंसिंग कोच प्रदीप कोठारी को भी बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की। विद्यालय से लगातार राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो रहे हैं, जो विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *