चौबट्टाखाल में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, कुल्हाड मोटर मार्ग का शिलान्यास

सतपुली और स्यूंसी झील से बदलेगी चौबट्टाखाल में पर्यटन व रोजगार को मिलेगा नया आयाम: महाराज 

बीरोंखाल (पौड़ी)। चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में सड़क और पर्यटन से जुड़ी विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के क्रम में बुधवार को कुल्हाड क्षेत्र में 123.18 लाख रुपये की लागत से बनने वाले मोटर मार्ग का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि क्षेत्र में चल रही विभिन्न परियोजनाएं स्थानीय लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

उन्होंने कहा कि कुल्हाड बैंड से किनसूर, भरवाड़ी, कैण्डुल, डलगांव, उमन और किनसूर तक बनने वाला लगभग दो किलोमीटर लंबा मोटर मार्ग ग्रामीण क्षेत्रों की आवाजाही को आसान बनाएगा। इससे ग्रामीणों को परिवहन सुविधा मिलने के साथ कृषि और अन्य गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। मंत्री ने कहा कि सतपुली और स्यूंसी में प्रस्तावित झील परियोजनाएं क्षेत्र के पर्यटन विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। सतपुली में निर्माणाधीन झील के विकसित होने के बाद जल क्रीड़ा, नौकायन और अन्य पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे। वहीं स्यूंसी झील परियोजना से पर्यटन के साथ जल संरक्षण और पेयजल उपलब्धता को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए सड़क, सिंचाई और पर्यटन से जुड़ी अनेक योजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास की सुविधाएं पहुंचाना और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने क्षेत्रवासियों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भाजपा युवा नेता सुयश रावत, जिलाध्यक्ष कमल किशोर, मंडल अध्यक्ष सरवेन्द्र, जिला मंत्री बृजमोहन, बूथ अध्यक्ष दिगम्बर, सुरेन्द्र सिंह, गबर सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष अंकित, अनिता देवी, सुरेश कुमार, एसडीएम रेखा आर्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *