यमुनोत्री मार्ग पर मलबे से रास्ता बंद, SDRF ने रोप लगाकर 100 यात्रियों को सुरक्षित कराया पार

उत्तरकाशी। लगातार हो रही बारिश के बीच यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर शनिवार को सयानाचट्टी के पास भारी मलबा आने से सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई। मार्ग बंद होने से करीब 100 श्रद्धालु बीच रास्ते में फंस गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रोप (रस्सी) फिक्स कर सभी यात्रियों को सुरक्षित मार्ग पार कराया।

जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट बड़कोट से मुख्य आरक्षी दुर्गेश रतूड़ी के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पहुंची। वहीं एसडीआरएफ पोस्ट जानकीचट्टी से मुख्य आरक्षी राजेश कुमार के नेतृत्व में दूसरी टीम भी मौके पर पहुंची। सड़क पूरी तरह मलबे से बंद होने के कारण एसडीआरएफ जवानों ने पहले वैकल्पिक मार्ग पर सुरक्षा के लिहाज से रोप फिक्स की। इसके बाद जवानों ने अत्यंत सावधानी और कुशलता के साथ लगभग 100 यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित आर-पार कराया। लगातार बारिश के चलते यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम और प्रशासन की सलाह का पालन करने तथा अनावश्यक जोखिम से बचने की अपील की है। एसडीआरएफ ने कहा कि उत्तराखंड में आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी राहत और बचाव कार्यों के लिए उसकी टीमें लगातार मुस्तैद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *