– मंत्री गणेश जोशी ने किया उद्घाटन, विधायक सविता कपूर भी रहीं मौजूद
– फिनलैंड-सिंगापुर आधारित पाठ्यक्रम और अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है प्री-स्कूल
देहरादून। द पॉली किड्स ग्रुप की प्रीमियम प्री-स्कूल इकाई ‘सर्कल ऑफ टॉडलर्स’ का रविवार को मसूरी रोड स्थित बगराल गांव में भव्य शुभारंभ हुआ। प्रदेश के कृषि एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने विधिवत रूप से फीता काटकर संस्थान का उद्घाटन किया। इस अवसर पर कैंट क्षेत्र की विधायक श्रीमती सविता कपूर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह में मंत्री गणेश जोशी ने स्कूल परिसर का निरीक्षण किया और बच्चों के लिए तैयार की गई अत्याधुनिक सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव तैयार करती है और इस दिशा में सुरक्षित एवं रचनात्मक वातावरण उपलब्ध कराना बेहद महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रंग-बिरंगे गुब्बारों, टेडी बियर पपेट्स और बच्चों के अनुकूल सजावट ने पूरे माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। अभिभावकों और बच्चों ने भी समारोह में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर नन्हे बच्चों के लिए विशेष ‘बेबी कॉन्टेस्ट’ का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों को ‘लिटिल सनशाइन’, ‘क्यूटेस्ट गिगल’, ‘लिटिल रॉकस्टार’, ‘लिटिल चार्मर’, ‘मिनी आइकॉन’, ‘फ्यूचर स्टार’ और अन्य आकर्षक खिताबों से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि गणेश जोशी और विधायक सविता कपूर ने स्कूल की कक्षाओं, गतिविधि क्षेत्रों, लर्निंग कॉर्नर और अन्य सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने स्कूल के वातानुकूलित परिसर, बाल-अनुकूल डिजाइन और आधुनिक शिक्षण व्यवस्था की प्रशंसा की। सर्कल ऑफ टॉडलर्स को बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ, संरक्षित और आनंददायक वातावरण के रूप में विकसित किया गया है। यहां आयु के अनुरूप सुरक्षा मानकों वाले खिलौने, रचनात्मक गतिविधियां और सीखने के आधुनिक माध्यम उपलब्ध कराए गए हैं, जो बच्चों की जिज्ञासा, कल्पनाशीलता और सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देंगे।
संस्थान के संस्थापक कैप्टन मुकुल महेंद्रु ने कहा कि स्कूल में अनुभवी और प्रशिक्षित शिक्षकों की टीम बच्चों को व्यक्तिगत ध्यान देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि संस्थान का पाठ्यक्रम फिनलैंड और सिंगापुर आधारित वैश्विक शिक्षा मॉडल से प्रेरित है, जिसमें गतिविधि आधारित शिक्षण के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सीखने की क्षमता विकसित की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्कूल का बुनियादी ढांचा अंतरराष्ट्रीय मानकों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। यहां बच्चों के शारीरिक, सामाजिक, भावनात्मक और बौद्धिक विकास के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। संस्थान की चेयरपर्सन श्रीमती रंजना महेंद्रु ने कहा कि ‘सर्कल ऑफ टॉडलर्स’ का उद्देश्य बच्चों को प्रेम, देखभाल और रचनात्मक माहौल के साथ प्रारंभिक शिक्षा की मजबूत नींव प्रदान करना है।
इस अवसर पर चेयरमैन कैप्टन मुकुल महेंद्रु, फाउंडर डायरेक्टर श्रीमती रंजना महेंद्रु, डायरेक्टर चांदसी महेंद्रु, एकेडमिक हेड श्रीमती दिव्या जैन, इवेंट हेड श्रीमती दीप्ति सेठी, हेड मिस्ट्रेस (सीओटी) श्रीमती खुशबू गेरा, हेड मिस्ट्रेस श्रीमती मीनाक्षी धवन, श्रीमती पूनम निगम, श्रीमती नेहा सहगल और कोऑर्डिनेटर श्रीमती मोनिका चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।