नई दिल्ली/देहरादून। राष्ट्रीय राजधानी के दिल्ली हाट में रविवार को चौथे मेघालय पाइनएप्पल फेस्टिवल का भव्य शुभारंभ हुआ। यह महोत्सव अब केवल अनानास के प्रचार-प्रसार तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि किसानों को बड़े बाजारों, संगठित रिटेल, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग और निर्यातकों से जोड़ने का प्रभावी मंच बन गया है।
पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास (डोनर) एवं संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा की उपस्थिति में महोत्सव का उद्घाटन किया। इस दौरान उद्योग जगत के प्रतिनिधि, रिटेल कंपनियां, निर्यातक, किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।मेघालय सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय आयोजन में राज्य के प्रीमियम गुणवत्ता वाले अनानास को प्रदर्शित किया जा रहा है। री-भोई, गारो हिल्स, खासी हिल्स और जयंतिया हिल्स में उत्पादित अनानास अपनी प्राकृतिक मिठास, कम अम्लता और 16 से 18 ब्रिक्स तक की गुणवत्ता के कारण देश-विदेश में खास पहचान बना चुका है।महोत्सव के दौरान फ्लिपकार्ट और नेशनल ई-मार्केट सर्विसेज लिमिटेड (नेएमएल) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इससे मेघालय के किसानों को डिजिटल मार्केटप्लेस, संगठित रिटेल नेटवर्क और संस्थागत खरीदारों तक सीधी पहुंच मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मेघालय ने किसानों को केंद्र में रखकर विकास का ऐसा मॉडल तैयार किया है, जो पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि राज्य के अनानास और लकाडोंग हल्दी जैसे उत्पाद वैश्विक बाजारों में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों, युवाओं, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों को नए बाजारों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि पाइनएप्पल फेस्टिवल राज्य की कृषि, संस्कृति और उद्यमिता को राष्ट्रीय मंच देने का माध्यम बन चुका है।मेघालय सरकार की एकीकृत कृषि मूल्य श्रृंखला रणनीति के तहत उत्पादन, प्रसंस्करण, ब्रांडिंग, भंडारण और विपणन की मजबूत व्यवस्था विकसित की गई है। राज्य कृषि विपणन बोर्ड के माध्यम से अब तक 100 मीट्रिक टन से अधिक अनानास देश और विदेश के बाजारों तक पहुंचाया जा चुका है। जून 2026 में दुबई स्थित लुलु रिटेल के लिए दो मीट्रिक टन अनानास की खेप भी भेजी गई थी। राज्य में 40 प्राइम हब और 650 से अधिक प्रसंस्करण एवं भंडारण सुविधाएं किसानों को मूल्य संवर्धन का लाभ दे रही हैं। इसका असर किसानों की आय पर भी दिखाई दिया है। जहां ताजा अनानास लगभग 22 रुपये प्रति किलोग्राम बिकता है, वहीं फ्रीज-ड्राइड और अन्य मूल्यवर्धित उत्पादों की कीमत 1,500 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच रही है। इससे जुड़े किसानों की आय में करीब 80 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है।
