हरेला पर्व पर सीएम धामी ने रोपा हरियाली का बीज, औषधीय वनस्पतियों के संरक्षण पर दिया जोर

पौड़ी/यमकेश्वर। हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर विकासखंड स्थित मालाग्राम पहुंचकर सघन पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ का भ्रमण कर दुर्लभ औषधीय वनस्पतियों के संरक्षण, आयुर्वेद आधारित अनुसंधान और हर्बल पर्यटन की संभावनाओं का भी जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने पौधरोपण के बाद कहा कि उत्तराखंड की जैव विविधता और हिमालयी औषधीय वनस्पतियां राज्य की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर हैं। इनके संरक्षण, संवर्धन और वैज्ञानिक शोध को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में किए जा रहे प्रयास न केवल पर्यावरण संरक्षण को मजबूत करेंगे, बल्कि आयुर्वेद आधारित अनुसंधान, हर्बल पर्यटन और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध कराएंगे। मुख्यमंत्री ने ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ में संरक्षित दुर्लभ जड़ी-बूटियों, अनुसंधान गतिविधियों और आयुर्वेदिक नवाचारों की जानकारी ली। उन्होंने परिसर स्थित ध्यान कुटी का भी निरीक्षण किया और यहां किए जा रहे कार्यों की सराहना की। मालाग्राम स्थित यह हर्बल पार्क देश का अपनी तरह का एक अनूठा केंद्र है, जहां देश के विभिन्न राज्यों और हिमालयी क्षेत्रों से लाई गई दुर्लभ औषधीय वनस्पतियों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण और संवर्धन किया जा रहा है। यह केंद्र पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान और आधुनिक शोध के समन्वय का महत्वपूर्ण संस्थान बनकर उभर रहा है।

कार्यक्रम में पतंजलि योगपीठ के संस्थापक स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *