– पीएम अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत 175 युवाओं को स्वरोजगार के लिए सब्सिडी
देहरादून। अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में देहरादून जिला प्रशासन ने अहम कदम उठाया है। प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएमएजेएवाई) के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ₹124.94 लाख की जिला कार्ययोजना को जिलाधिकारी ने मंजूरी दे दी है। अंतिम स्वीकृति के लिए यह प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है।
योजना के तहत जिले के कुल 465 अनुसूचित जाति युवाओं को लाभ मिलेगा। इनमें 175 बेरोजगार युवक-युवतियों को स्वरोजगार शुरू करने के लिए ₹87.55 लाख की सब्सिडी उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य युवाओं को अपना व्यवसाय स्थापित करने में आर्थिक सहायता देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।इसके अलावा 290 शिक्षित बेरोजगार युवाओं को वर्तमान बाजार की जरूरतों के अनुरूप रोजगारपरक एवं कौशल विकास प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण अधिकृत संस्थाओं के माध्यम से कराया जाएगा, जिससे युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ सके।जिलाधिकारी ने कहा कि योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने निर्देश दिए कि शासन से स्वीकृति मिलते ही लाभार्थियों का चयन पूरी पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के आधार पर किया जाए, ताकि पात्र युवाओं को समय पर लाभ मिल सके। जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि कार्ययोजना को अंतिम मंजूरी के लिए शासन और केंद्र सरकार को भेजा जा रहा है। स्वीकृति मिलते ही लाभार्थियों का चयन, कौशल प्रशिक्षण और स्वरोजगार के लिए अनुदान वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। विभाग का लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं को सम्मानजनक रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ना है।
