– मतदाता सूची के ड्राफ्ट रोल में 11.90 लाख नाम दर्ज
देहरादून। आगामी निर्वाचन की तैयारियों के तहत देहरादून जनपद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का पहला चरण पूरा हो गया है। इसके बाद जिला निर्वाचन कार्यालय ने मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट रोल) जारी कर दिया है। अब नागरिक 13 अगस्त तक सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन के लिए आवेदन कर सकेंगे।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बुधवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रारूप मतदाता सूची उपलब्ध कराई। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी दल सक्रिय भूमिका निभाएं और यदि किसी मतदाता का नाम छूटा हो या कोई अन्य गलती दिखाई दे तो समय रहते प्रशासन को अवगत कराएं। ड्राफ्ट सूची के अनुसार देहरादून जिले में कुल 11 लाख 90 हजार 805 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 9,369 सर्विस वोटर और 10,130 दिव्यांग मतदाता शामिल हैं। जिले में मतदान केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई गई है। पहले जहां 1,882 मतदान केंद्र थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 2,045 हो गई है। निर्वाचन कार्यालय ने सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता सूची, सर्विस वोटर सूची और अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट मतदाताओं का विवरण राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दिया है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचक एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को भी जिम्मेदारी सौंप दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। मतदाता बीएलओ, निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी या सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और मोबाइल एप के जरिए भी ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण 11 सितंबर तक किया जाएगा तथा 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। बैठक में राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) की नियुक्ति शीघ्र पूरी करने का भी आग्रह किया गया। अधिकारियों ने बताया कि कई मतदान केंद्रों पर अभी भी विभिन्न दलों द्वारा बीएलए-2 नियुक्त किए जाने बाकी हैं, जिससे पुनरीक्षण कार्य प्रभावित हो सकता है।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वि.रा) केके मिश्रा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र प्रसाद देवली, कांग्रेस पार्टी से डॉ जसविन्दर सिंह, बीजेपी से महेश गुप्ता, बीएसपी से सत्यपाल, आप पार्टी के कमल राना, सीपीआईएम के रविन्द्र कुमार नौडियाल सहित राजनीतिक दलों के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।