– एमकेपी कॉलेज में भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ ने किया पौधारोपण
देहरादून। मातृ सम्मान और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ भारतीय जनता पार्टी एनजीओ प्रकोष्ठ, उत्तराखंड की ओर से एमकेपी कॉलेज देहरादून में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा देहरादून महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने की, जबकि एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सुशील बहुगुणा विशिष्ट अतिथि रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुंदन परिहार ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल पौधा लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि मां के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मां हमें जीवन देती हैं और पेड़ धरती पर जीवन को सुरक्षित रखते हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।सुशील बहुगुणा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना पहला कदम है, लेकिन उसकी नियमित देखभाल करना उससे भी बड़ी जिम्मेदारी है। भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ इस अभियान को सामाजिक संगठनों और आम लोगों के सहयोग से प्रदेशभर में आगे बढ़ाएगा। भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि बढ़ते पर्यावरण संकट के दौर में पौधारोपण को जनआंदोलन बनाने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से अपने जीवन के विशेष अवसरों पर पौधारोपण करने की अपील की।कार्यक्रम की जिला संयोजक नलिनी त्रिखा तनेजा ने बताया कि अभियान के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के साथ मातृ सम्मान का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।
इस अवसर पर कॉलेज परिसर में पौधारोपण कर हरित उत्तराखंड का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में निशांत गुप्ता, कृष्णा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और सामाजिक सहयोगी मौजूद रहे।