देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और सेलाकुई पुलिस की संयुक्त टीम ने “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.521 किलोग्राम कैटामाइन के साथ दो अंतरराज्यीय नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसटीएफ के अनुसार, खुफिया सूचना के आधार पर सेलाकुई क्षेत्र में संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर स्कूटी सवार दो युवकों को पकड़ा। तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की से 1.521 किलो कैटामाइन, एक स्कूटी और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। मौके पर मौजूद औषधि निरीक्षक ने बरामद पदार्थ की पुष्टि कैटामाइन के रूप में की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम कुमार, निवासी जमनपुर, सेलाकुई और अंकित तिवारी, मूल निवासी हरदोई (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी सेलाकुई के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह मादक पदार्थ सेलाकुई के खैरी गांव स्थित बर्थवाल के आम के बगीचे के पास एक अज्ञात व्यक्ति को सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस अब ड्रग्स की सप्लाई चेन, इसके स्रोत और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सेलाकुई में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22(सी)/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसटीएफ ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी नशा तस्करी या मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस या एसटीएफ को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। एसटीएफ ने स्पष्ट किया है कि “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
