कारगिल के अमर शहीदों की स्मृति में एबीवीपी की मशाल यात्रा, देहरादून में गूंजे राष्ट्रभक्ति के नारे

देहरादून। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) देहरादून महानगर ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए गांधी पार्क से घंटाघर तक भव्य मशाल यात्रा निकाली। हाथों में जलती मशालें और “भारत माता की जय”, “कारगिल के वीर शहीद अमर रहें” तथा “वंदे मातरम्” के नारों के बीच निकली यात्रा ने शहर का माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।

मशाल यात्रा का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना और कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, बलिदान और समर्पण को स्मरण करना था। यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में एबीवीपी के प्रदेश मंत्री यशवंत पंवार ने कहा कि अपने अधिकारों की बात करना आसान है, लेकिन बिना किसी स्वार्थ के राष्ट्र के प्रति कर्तव्य निभाने की प्रेरणा भारतीय सेना से मिलती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों ने विषम परिस्थितियों में अद्वितीय वीरता और पराक्रम का परिचय देकर देश का गौरव बढ़ाया। ऐसे बलिदानियों की स्मृति को जीवंत रखना और युवाओं में ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना विकसित करना एबीवीपी की प्राथमिकता है। यात्रा के समापन पर घंटाघर में दो मिनट का मौन रखकर कारगिल के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई तथा देश की अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर एबीवीपी के प्रदेश मंत्री यशवंत पंवार, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुमित कुमार, विभाग संगठन मंत्री प्रमेश जोशी, डीएवी छात्रसंघ अध्यक्ष ऋषभ मल्होत्रा, एसजीआरआर छात्रसंघ अध्यक्ष बलवीर कुँवर, महानगर मंत्री आयुषी पैन्युली, जिला छात्रा विस्तारिका भावना सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी और सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *