मुख्यमंत्री ने किया मेधावियों का सम्मान, कहा- संस्कारवान युवा ही बनाएंगे भारत को विश्वगुरु

रुड़की। विद्या भारती उत्तराखंड के प्रतिभा सम्मान समारोह में शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण का संदेश प्रमुखता से उभरा। समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि आज के छात्र ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उनके ज्ञान, चरित्र व नेतृत्व क्षमता से देश विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान केवल उनकी उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि समाज में उत्कृष्टता की संस्कृति को बढ़ावा देने का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर सीखने, अनुशासन बनाए रखने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता तभी सार्थक होती है जब उसके साथ संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी भी जुड़ी हो। उन्होंने विद्या भारती की शिक्षा प्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था वर्षों से भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रभक्ति पर आधारित शिक्षा प्रदान कर रही है। इसी कारण यहां से निकले विद्यार्थी केवल अच्छे अंक ही नहीं, बल्कि अच्छे नागरिक भी बनते हैं। उन्होंने बताया कि देशभर में विद्या भारती के लाखों विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जबकि उत्तराखंड में भी इसके सैकड़ों विद्यालय शिक्षा और संस्कार का कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की शिक्षा संबंधी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति लागू करने वाला उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। स्कूलों में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार, स्मार्ट क्लास, आईटी लैब, छात्रावास, मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना और कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए राज्य सरकार ने नकल पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से कठोर कानून लागू किया है। इसके परिणामस्वरूप भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ी है और हजारों युवाओं को निष्पक्ष तरीके से सरकारी सेवाओं में अवसर मिला है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को आर्थिक सहायता भी दी जा रही है, ताकि प्रतिभाशाली युवाओं को संसाधनों की कमी का सामना न करना पड़े। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर शिशु वाटिका का लोकार्पण भी किया। समारोह में विद्या भारती के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। समारोह में सम्मानित विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर अभिभावकों और शिक्षकों ने भी प्रसन्नता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *