चारधाम यात्रा की निगरानी होगी हाईटेक, ओएनजीसी ने पुलिस कंट्रोल रूम को सौंपे आधुनिक उपकरण

देहरादून। चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा, निगरानी और सूचना तंत्र को और प्रभावी बनाने की दिशा में ओएनजीसी ने महत्वपूर्ण पहल की है। सार्वजनिक क्षेत्र की अग्रणी ऊर्जा कंपनी ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ओएनजीसी) ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत उत्तराखंड पुलिस के चारधाम यात्रा कंट्रोल रूम को आधुनिक तकनीकी उपकरण उपलब्ध कराए हैं। इससे यात्रा के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं की निगरानी और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान में पुलिस को मदद मिलेगी।

ओएनजीसी ने गैर-सरकारी संस्था देवभूमि पहाड़ समिति के सहयोग से चारधाम पुलिस कंट्रोल रूम को इंटरैक्टिव पैनल, 85 इंच एलईडी स्मार्ट टीवी, कैनन कलर प्रिंटर, माइक्रोफोन एवं साउंड सिस्टम के साथ चारधाम यात्रा डैशबोर्ड ऐप समेत आवश्यक सामग्री प्रदान की है। इन संसाधनों से कंट्रोल रूम की तकनीकी क्षमता बढ़ने के साथ ही यात्रा मार्गों और श्रद्धालुओं से संबंधित सूचनाओं के प्रबंधन में बेहतर समन्वय स्थापित होने की उम्मीद है। सोमवार को गढ़वाल मंडल पुलिस परिक्षेत्र कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में ओएनजीसी के मुख्य महाप्रबंधक एवं प्रधान मानव संसाधन सेवाएं नीरज कुमार शर्मा ने अपर पुलिस अधीक्षक एवं चारधाम यात्रा के नोडल अधिकारी लोकजीत सिंह की उपस्थिति में रिबन काटकर उपकरण पुलिस कंट्रोल रूम को सुपुर्द किए। नीरज कुमार शर्मा ने कहा कि ओएनजीसी उत्तराखंड में सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण और स्वच्छता के क्षेत्र में कंपनी लगातार सहयोग कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में उत्तराखंड में सीएसआर के तहत 250 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। इसके अलावा 2500 से अधिक सरकारी विद्यालयों को फर्नीचर, कंप्यूटर और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई है। पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने ओएनजीसी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा जैसे बड़े धार्मिक आयोजन में तकनीक और मजबूत सूचना तंत्र सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि ओएनजीसी भविष्य में भी पुलिस प्रशासन को इसी तरह सहयोग प्रदान करता रहेगा।कार्यक्रम में ओएनजीसी के महाप्रबंधक पवन कुमार सैनी, सीएसआर प्रभारी विशाल शर्मा, सुरक्षा प्रभारी राजेश पंवार, प्रबंधक अरुण कुमार सिंह, एल. मोहन लखेड़ा, इंस्पेक्टर राकेश शाह, देवभूमि पहाड़ समिति के सचिव मुकेश असवाल, परियोजना प्रबंधक अंकुर बिष्ट, कोषाध्यक्ष दयाल सिंह रावत समेत चारधाम कंट्रोल रूम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *