‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंजा दून, टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा शुरू 

देहरादून। भगवान टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति के रंग में सराबोर नजर आई। हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा, देश के प्रमुख तीर्थस्थलों से पहुंचे डमरू वादकों की मनमोहक प्रस्तुतियों और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों ने पूरे शहर को शिवमय कर दिया। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में निकली शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा और भव्य स्वागत के साथ अभिनंदन किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहारनपुर चौक पहुंचकर टपकेश्वर महादेव की शोभायात्रा में प्रतिभाग किया। उन्होंने टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत कृष्णागिरी महाराज, महंत दिगम्बर भरत गिरी महाराज एवं टपकेश्वर सेवा दल के अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और शोभायात्रा का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने भगवान टपकेश्वर महादेव से प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

शिवाजी धर्मशाला से टपकेश्वर मंदिर तक आस्था का सैलाब

शोभायात्रा शिवाजी धर्मशाला से शुरू होकर झंडा बाजार, पलटन बाजार, घंटाघर, बिंदाल और डकरा होते हुए टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत किया। पुष्पवर्षा, धार्मिक झांकियों, भजन-कीर्तन और भगवान शिव के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

प्रमुख तीर्थस्थलों से पहुंचे डमरू वादक बने आकर्षण

शोभायात्रा में महाकाल उज्जैन, गंगोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ सहित देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों से पहुंचे डमरू वादक विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। डमरुओं की गूंज और उनकी प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। शोभायात्रा की भव्यता उस समय और बढ़ गई, जब आसमान से हेलीकॉप्टर के जरिए पुष्पवर्षा की गई।

धार्मिक परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। ऐसे आयोजन समाज में आस्था, एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने शोभायात्रा के आयोजन से जुड़े संत-महात्माओं, आयोजन समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कामना की कि भगवान टपकेश्वर महादेव की कृपा सदैव प्रदेशवासियों पर बनी रहे और उत्तराखंड निरंतर विकास एवं समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ता रहे। शोभायात्रा के टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। देर तक ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से टपकेश्वर धाम और आसपास का क्षेत्र गूंजता रहा। आस्था और उत्साह से भरी इस शोभायात्रा ने देहरादून में धार्मिक एवं सांस्कृतिक एकता का अद्भुत संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *