भद्रकाली मोड़ पर यात्रियों से भरी बस पलटी, दो स्कूटी सवारों की मौत

ऋषिकेश। ऋषिकेश-भद्रकाली मार्ग पर शुक्रवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। जानकीसेतु पार्किंग से दिल्ली के लिए रवाना हुई करीब 60 यात्रियों से भरी आरजे नंबर की बस भद्रकाली मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस की चपेट में आने से दो स्कूटी सवारों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार बस मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलटी और इसी दौरान सड़क से गुजर रहे दो स्कूटी सवार बस के नीचे आ गए। दोनों को निकालने के लिए मौके पर तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। हादसे की सूचना मिलते ही टिहरी पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन संभाला। बस में सवार यात्रियों में भी कई लोगों को चोटें आईं। घायलों में सामान्य रूप से घायल यात्रियों को तत्काल एंबुलेंस और अन्य वाहनों से अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को बस से बाहर निकालने और यातायात व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने का काम किया। दुर्घटना के बाद भद्रकाली मोड़ पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। बस के नीचे फंसे दोनों स्कूटी सवारों को निकालने के लिए एसडीआरएफ की टीम ने विशेष रेस्क्यू अभियान चलाया। मृतकों की पहचान की कार्रवाई की जा रही है, जबकि घायलों की संख्या और उनकी स्थिति की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस के अनुसार हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर बस के मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर मौजूद रहे तथा दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने और मार्ग पर यातायात सुचारु कराने की कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *