35 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, मौत को मात देकर बची पांच जिंदगियां

देहरादून। चकराता क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सहिया से पहले लालपुल के पास एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 35 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। कार के खाई में गिरते ही उसमें सवार पांच लोग अंदर फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जान जोखिम में डालकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब कई मिनट की मशक्कत के बाद टीम ने पांचों घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाल लिया।

हादसे की सूचना डायल-112 के माध्यम से एसडीआरएफ को मिली थी। बताया गया कि लालपुल के पास एक वाहन खाई में गिर गया है और उसमें कुछ लोग फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ चकराता की टीम उप निरीक्षक जसपाल सिंह के नेतृत्व में घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर टाटा टियागो कार संख्या DL9C 8092 करीब 35 मीटर नीचे खाई में क्षतिग्रस्त हालत में मिली। कार में तीन पुरुष और दो महिलाएं सवार थीं। दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि तीन को सामान्य चोटें आईं। खाई की गहराई और दुर्गम रास्ते के बावजूद एसडीआरएफ जवानों ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर रेस्क्यू शुरू किया। टीम रस्सियों और रेस्क्यू उपकरणों के सहारे खाई में उतरी और एक-एक कर सभी घायलों तक पहुंच बनाई। घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।

दिल्ली, नोएडा और वाराणसी के हैं घायल

हादसे में घायल लोगों की पहचान रोहन कुमार (23), नई दिल्ली, अभिषेक दुबे (26), रोहिणी दिल्ली, अभिषेक (26), नोएडा, शिवानी सिंह (22) और प्रिन्स राज (22), दोनों वाराणसी के रूप में हुई है।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर कार के अनियंत्रित होने के बाद खाई में गिरने की बात सामने आई है। समय रहते एसडीआरएफ और पुलिस की टीम के पहुंचने से पांचों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *