कॉरपोरेट लॉ में करियर की उड़ान, लॉ कॉलेज देहरादून में 300 छात्रों के लिए बूट कैंप शुरू

देहरादून। कानून की पढ़ाई के बाद कॉरपोरेट सेक्टर में करियर बनाने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए उत्तरांचल विश्वविद्यालय के लॉ कॉलेज देहरादून ने बड़ा कदम उठाया है। विधि संकाय में एक माह से अधिक अवधि के कॉरपोरेट बूट कैंप की शुरुआत की गई है। ‘लॉ कॉलेज से पेटेंट अटॉर्नी तक : जरूरी स्किल्स’ विषय पर आयोजित इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में देश की प्रमुख लॉ फर्मों और कॉरपोरेट क्षेत्र के अनुभवी विशेषज्ञ विद्यार्थियों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप तैयार करेंगे।

बूट कैंप के पहले दिन प्रसिद्ध लॉ फर्म आनंद एंड आनंद की पार्टनर श्रद्धा सिंह चौहान मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अंतिम वर्ष के 300 से अधिक विधि विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों को कानून की पढ़ाई के साथ व्यावहारिक कौशल, कॉरपोरेट क्षेत्र की कार्यप्रणाली और विशेषज्ञता आधारित करियर के विकल्पों की जानकारी दी गई। विश्वविद्यालय के उपकुलपति प्रो. राजेश बहुगुणा ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में विधि विद्यार्थियों का कॉरपोरेट सेक्टर की ओर रुझान लगातार बढ़ा है। इसी को देखते हुए बूट कैंप के माध्यम से विद्यार्थियों को इंडस्ट्री रेडी बनाने की पहल की गई है। उन्होंने कहा कि एक माह से अधिक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विधि क्षेत्र के अनुभवी और सफल विशेषज्ञ विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के कौशल को निखारने के साथ उनके लिए बेहतर प्लेसमेंट के अवसर तैयार करना है। मुख्य वक्ता श्रद्धा सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को कानून के क्षेत्र में बदलते अवसरों और कॉरपोरेट लॉ में करियर की संभावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि विधि के क्षेत्र में संभावनाओं की कोई कमी नहीं है और कॉरपोरेट सेक्टर लगातार नए अवसर पैदा कर रहा है। उन्होंने अपने सत्र में इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट्स (आईपीआर) को विशेष रूप से केंद्र में रखा और नवाचार एवं आविष्कारों की कानूनी सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को पेटेंट अटॉर्नी के रूप में करियर बनाने की संभावनाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि आईपीआर में विशेष रुचि रखने वाले विद्यार्थी उचित प्रशिक्षण और अतिरिक्त प्रयासों के जरिए इस क्षेत्र में मजबूत करियर बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि आईपीआर फर्म में अनुभव हासिल करने वाले विधि विशेषज्ञों के लिए आगे चलकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों और साझेदारी स्तर तक पहुंचने के अवसर भी मौजूद हैं। कॉरपोरेट रिसोर्स सेंटर और लॉ कॉलेज के ट्रेनिंग एंड रिक्रूटमेंट डिवीजन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित बूट कैंप में विद्यार्थियों को विशेषज्ञों से सीधे संवाद और व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा। विश्वविद्यालय का लक्ष्य है कि प्रशिक्षण के जरिए विद्यार्थियों की पेशेवर दक्षता बढ़े और वे कॉरपोरेट लॉ की प्रतिस्पर्धी दुनिया में बेहतर ढंग से अपनी जगह बना सकें।

कार्यक्रम में लॉ कॉलेज की प्राचार्या प्रो. पूनम रावत, कॉरपोरेट रिसोर्स सेंटर के निदेशक इकबाल सिंह साहनी, विभागाध्यक्ष प्रो. राधेश्याम झा, सीनियर मैनेजर विभुम अग्रवाल, फैकल्टी इंचार्ज पुणिमा त्यागी, प्लेसमेंट एग्जीक्यूटिव प्रतीक्षा रावत एवं मानसी डबराल सहित शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *