कंट्रोल रूम में बोला- पत्नी को गोली मार दी… फिर हो गया फरार

– क्लेमेंटटाउन में कमरे से मिला 26 वर्षीय महिला का शव, हत्या का मुकदमा दर्ज

देहरादून। क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक, मृतका के पति ने ही कंट्रोल रूम को फोन कर पत्नी को गोली मारने की सूचना दी थी। सूचना देने के बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक कमरे से महिला का शव बरामद किया। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब छह बजे धीरज पंवार नामक व्यक्ति ने कंट्रोल रूम को फोन कर बताया कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। सूचना मिलते ही क्लेमेंटटाउन थाना पुलिस ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने कॉल किए जाने वाले स्थान की जानकारी जुटाई और आसपास के लोगों से पूछताछ की।पुलिस को एक प्लॉट में बने कमरे के अंदर 26 वर्षीय काजल पत्नी धीरज पंवार मृत अवस्था में मिली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला की मौत गोली लगने से हुई। सूचना के बाद पुलिस और फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। मृतका मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र के ग्राम मेघा शकरपुर की रहने वाली थी और क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में अपने पति के साथ रह रही थी। उसके भाई अभिषेक का मकान भी घटनास्थल के पास बताया गया है।

कई दिनों से चल रहा था विवाद
मृतका के भाई ने पुलिस को बताया कि काजल और उसके पति के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी पुलिस जांच कर रही है। मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर क्लेमेंटटाउन थाने में हत्या का अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी पति की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *