देहरादून। शब्दों की धार, तर्कों की ताकत और विचारों की प्रभावशाली प्रस्तुति के दम पर ऐन मैरी विद्यालय के विद्यार्थियों ने अंतरविद्यालयीय वाद-विवाद प्रतियोगिता ‘अभिव्यक्ति 2026’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए समग्र विजेता की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। हेरिटेज स्कूल में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में शहर के अनेक प्रतिष्ठित विद्यालयों के प्रतिभागियों के बीच ऐन मैरी के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और वक्तृत्व कौशल का लोहा मनवाया।
इस उपलब्धि को और खास बनाया विद्यालय की दो छात्राओं ने, जिन्होंने अपने-अपने वर्ग में सर्वश्रेष्ठ वक्ता का खिताब जीतकर ऐन मैरी की सफलता में चार चांद लगा दिए। कक्षा 12वीं की स्वस्तिका सती ने विपक्ष में अपने सशक्त तर्कों और प्रभावशाली अभिव्यक्ति से निर्णायकों को प्रभावित किया, जबकि कक्षा 10वीं की मान्यता ने पक्ष में अपनी बात दमदार ढंग से रखते हुए श्रेष्ठ वक्ता का सम्मान हासिल किया।समग्र विजेता की ट्रॉफी के साथ दोनों वर्गों में सर्वश्रेष्ठ वक्ता का खिताब जीतना विद्यालय के लिए दोहरी गौरवपूर्ण उपलब्धि रही। विद्यार्थियों के इस प्रदर्शन ने उनकी तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास और मंच पर विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की दक्षता को प्रदर्शित किया। इस शानदार सफलता के पीछे मार्गदर्शक शिक्षिका श्रीमती प्रभा शर्मा का योगदान भी महत्वपूर्ण रहा। उनके मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की मेहनत ने इस उपलब्धि को संभव बनाने में अहम भूमिका निभाई। विद्यालय परिवार ने विजेता छात्राओं को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा शिक्षिका प्रभा शर्मा के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।