– भाजपा ने कांग्रेस के कार्यकाल, भर्ती प्रक्रिया और 2016 के राजनीतिक घटनाक्रम पर उठाए सवाल
देहरादून। कांग्रेस की प्रस्तावित न्याय यात्रा को लेकर भाजपा ने तीखा हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि दूसरों से न्याय का हिसाब मांगने वाली कांग्रेस को पहले अपने कार्यकाल और नेताओं से जुड़े विवादों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि नौकरियों और भर्ती प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस के शासनकाल में उठे सवालों के बीच पार्टी का न्याय यात्रा निकालना राजनीतिक आडंबर है। चौहान ने कांग्रेस से उत्तराखंड के युवाओं से माफी मांगने की मांग की।
चौहान ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में रहते हुए जवाबदेही से बचती रही और विपक्ष में आने पर जनहित के मुद्दों को लेकर यात्राएं निकालती है। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस अपने शासनकाल में भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर उठे सवालों की जिम्मेदारी तय करने और युवाओं के रोजगार पर अपना रिपोर्ट कार्ड सार्वजनिक करने से क्यों बचती है। उनके मुताबिक, युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों का जवाब दिए बिना कांग्रेस को न्याय की बात करने का नैतिक अधिकार नहीं है। भाजपा नेता ने मुस्लिम यूनिवर्सिटी की स्थापना से जुड़े विवाद और सरकारी कर्मचारियों के लिए जुमे की छुट्टी को लेकर हुई राजनीतिक चर्चा का उल्लेख करते हुए कांग्रेस से अपना रुख स्पष्ट करने को कहा। उन्होंने कहा कि देवभूमि की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक संवेदनशीलता से जुड़े मुद्दों पर पार्टी को जनता के सामने स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
चौहान ने वर्ष 2016 के राजनीतिक घटनाक्रम और तत्कालीन कांग्रेस सरकार से जुड़े स्टिंग ऑपरेशन का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर ने सरकार की कार्यशैली और राजनीतिक नैतिकता पर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने कांग्रेस से अपने अतीत से जुड़े सवालों पर जवाबदेही स्वीकार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, पलायन, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सवाल उठाना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन कांग्रेस को भी अपने कार्यकाल में किए गए कामों का हिसाब देना चाहिए। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और भ्रष्टाचार को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर भी उन्होंने प्रमाण प्रस्तुत करने की बात कही।
चौहान ने कहा कि उत्तराखंड की जनता को राजनीतिक यात्राओं और भाषणों के बजाय रोजगार, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, पलायन का समाधान और पारदर्शी व्यवस्था चाहिए। कांग्रेस को इन समस्याओं के समाधान का ठोस रोडमैप जनता के सामने रखना चाहिए।