देहरादून। किताबों की दुनिया, साहित्य का संगम और बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा का मंच… दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र में 23 अक्टूबर से तीन दिवसीय ‘देहरादून किताब कौतिक’ शुरू होने जा रहा है। 25 अक्टूबर तक चलने वाले इस आयोजन में देश के 75 प्रकाशकों की लगभग 80 हजार पुस्तकें पाठकों के लिए उपलब्ध रहेंगी। साहित्यिक चर्चाओं और लेखकों से संवाद के साथ बाल लेखन, विज्ञान गतिविधियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम इस महोत्सव को खास बनाएंगे।
क्रिएटिव उत्तराखंड संस्था की ओर से आयोजित यह 16वां किताब कौतिक है। इसका उद्देश्य बच्चों और युवाओं में पढ़ने-लिखने की रुचि बढ़ाने के साथ समाज में पुस्तक संस्कृति को मजबूत करना है। आयोजन के दौरान साहित्यिक परिचर्चाएं, काव्य गोष्ठियां, करियर काउंसलिंग और सांस्कृतिक संध्याएं होंगी। देश के विभिन्न हिस्सों से साहित्यकार, विषय विशेषज्ञ, सामाजिक कार्यकर्ता और रंगकर्मी भी इसमें शामिल होंगे।किताब कौतिक में बच्चों के लिए विज्ञान गतिविधियां, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से परिचय, प्रकृति भ्रमण, साहसिक गतिविधियां, कठपुतली निर्माण और बॉल पेंटिंग जैसी गतिविधियां प्रस्तावित हैं। भाषा, संस्कृति और लोकपरंपराओं से जुड़ी कार्यशालाओं के साथ हस्तशिल्प के स्टॉल और स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केन्द्र रहेंगी।इस आयोजन से पहले 14 से 18 अक्टूबर तक दून पुस्तकालय में पांच दिवसीय ‘बालप्रहरी बाल लेखन कार्यशाला’ आयोजित की गई। इसमें विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने अपनी हस्तलिखित पुस्तकें तैयार कीं। इन पुस्तकों को भी कौतिक में प्रदर्शित किया जाएगा।
नई पीढ़ी में जगाएंगे पढ़ने की अलख
आयोजकों के अनुसार, किताब कौतिक का मकसद केवल पुस्तकों को पाठकों तक पहुंचाना नहीं, बल्कि बच्चों और युवाओं में जिज्ञासा, कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच विकसित करना भी है। तीन दिवसीय यह आयोजन साहित्य, शिक्षा और संस्कृति के माध्यम से पाठकों को लेखकों से जोड़ने तथा देहरादून में पढ़ने की संस्कृति को नई ऊर्जा देने का प्रयास करेगा।