देहरादून। उत्तरांचल विश्वविद्यालय ने एमबीए कार्यक्रम में दाखिले के मामले में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वर्ष 2026 में देश और विदेश के सात हजार से अधिक विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के एमबीए कार्यक्रम में प्रवेश लेकर उस पर भरोसा जताया है। इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिसर में केक काटकर जश्न मनाया गया। इस दौरान विश्वविद्यालय को ऑनलाइन शिक्षा के क्षेत्र में मिले दो प्रतिष्ठित पुरस्कारों की खुशी भी साझा की गई।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अध्यक्ष जितेंद्र जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उपाध्यक्ष अंकिता जोशी, कुलपति प्रो. धर्मबुद्धि, उपकुलपति प्रो. राजेश बहुगुणा और कुलसचिव डॉ. अनुज राणा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में एमबीए कार्यक्रम से जुड़े डीन, निदेशक, विभागाध्यक्षों के साथ सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन तथा प्रवेश प्रकोष्ठ के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के लिए एक और उपलब्धि की घोषणा की गई। ‘द इकोनॉमिक टाइम्स’ की ओर से आयोजित ऑनलाइन एजुकेशन समिट-2026 में उत्तरांचल विश्वविद्यालय को ‘लर्नर्स चॉइस अवार्ड’ और ‘लर्नर्स सपोर्ट अवार्ड’ के लिए चुना गया है। इन पुरस्कारों को ऑनलाइन शिक्षा के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक सुविधाओं की पहचान के रूप में देखा जा रहा है। विश्वविद्यालय के अध्यक्ष जितेंद्र जोशी ने कहा कि वर्ष 2026 में देश और दुनिया के सात हजार से अधिक विद्यार्थियों का एमबीए कार्यक्रम के लिए उत्तरांचल विश्वविद्यालय को चुनना गौरव की बात है। कनाडा, बांग्लादेश, नेपाल, अफगानिस्तान, भूटान, गिनी गणराज्य, घाना, म्यांमार और सेनेगल सहित कई देशों के विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय में दाखिला लिया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विद्यार्थियों का बढ़ता भरोसा विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग, शोध, नवाचार तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है।
उन्होंने ऑनलाइन शिक्षा के क्षेत्र में मिले दोनों पुरस्कारों पर प्रसन्नता जताते हुए इससे जुड़े शिक्षकों और कर्मचारियों को बधाई दी। कहा कि विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में यूआईएम के निदेशक प्रो. प्रदीप सूरी, यूएससीएस की निदेशिका प्रो. सोनल शर्मा, एसएलए के निदेशक प्रो. कार्तिके गौड़, संयुक्त कुलसचिव मनोज ध्यानी, सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन के निदेशक डॉ. प्रीतम डे, ब्रांडिंग प्रमुख सौरभ राजवंशी सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।