देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में गोकशी की घटनाओं में शामिल आरोपियों की तलाश कर रही दून पुलिस का रविवार देर रात बदमाशों से आमना-सामना हो गया। ठाकुरपुर रोड स्थित टी स्टेट के पास पुलिस चेकिंग के दौरान पल्सर सवार दो बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर तमंचा तान दिया और भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो दरू चौक से मीठीबेरी की ओर टी स्टेट क्षेत्र में बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, घायल बदमाश की पहचान इरशाद (32) पुत्र मोहम्मद जमशेद निवासी ग्राम खजुनावर, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने घायल को तत्काल उपचार के लिए प्रेमनगर अस्पताल पहुंचाया। फरार आरोपी की पहचान शमीम निवासी ग्राम गंदेबड़ा, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
इसी महीने दो जगह हुई थी गोकशी
पुलिस के मुताबिक, घायल इरशाद प्रेमनगर थाना क्षेत्र में इसी महीने हुई गोकशी की दो घटनाओं में शामिल रहा है। ये घटनाएं टी स्टेट और बिधौली रोड क्षेत्र में हुई थीं। पुलिस इन घटनाओं में शामिल आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान रविवार देर रात चेकिंग के दौरान दोनों संदिग्ध पुलिस के हत्थे चढ़ने से बचने के लिए भागे और मुठभेड़ हो गई।
तमंचा, कुल्हाड़ी और छुरियां बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से 315 बोर का एक तमंचा और खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा आरोपियों की पल्सर मोटरसाइकिल (यूके 17 जे 0297), एक कुल्हाड़ी, दो छुरियां और एक रस्सी भी बरामद हुई है। घटना की सूचना पर पुलिस के उच्चाधिकारी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। घायल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। वहीं, फरार शमीम की तलाश में पुलिस की टीमें कांबिंग कर रही हैं।