वैज्ञानिक शोध में दिव्या नेगी की बड़ी उपलब्धि, यंग साइंटिस्ट अवार्ड से सम्मानित

देहरादून। चमोली के परभक्षी कीटों पर शोध कर डीएवी पीजी कॉलेज की शोध छात्रा दिव्या नेगी ने वैज्ञानिक जगत में अपनी पहचान बनाई है। उनके शोध कार्य को 21वें उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सम्मेलन में सराहना मिली और उन्हें प्रतिष्ठित यंग साइंटिस्ट अवार्ड से सम्मानित किया गया। दिव्या की इस उपलब्धि से डीएवी पीजी कॉलेज का मान बढ़ा है।

उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) की ओर से विज्ञान धाम झाझरा में 21वें उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सम्मेलन (यूएसएसटीसी)  में दिव्या नेगी को चमोली जिले के परभक्षी कीटों पर किए जा रहे शोध के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं राज्य की मुख्य सूचना आयुक्त आईएएस राधा रतूड़ी, यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत और संयुक्त निदेशक डॉ. डीपी उनियाल ने उन्हें पुरस्कार प्रदान किया। दिव्या नेगी डीएवी पीजी कॉलेज के जन्तु विज्ञान विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पुष्पेन्द्र कुमार शर्मा के निर्देशन में शोध कर रही हैं। परभक्षी कीटों पर उनका शोध वैज्ञानिक अध्ययन के साथ जैव विविधता और पारिस्थितिकी को समझने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है। शोध के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं में भी दिव्या ने अपनी प्रतिभा साबित की है। वह सीएसआईआर-यूजीसी नेट, गेट और यूसेट जैसी परीक्षाएं उत्तीर्ण कर चुकी हैं। यंग साइंटिस्ट अवार्ड मिलना उनकी मेहनत, लगन और शोध के प्रति समर्पण की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। दिव्या की सफलता पर कॉलेज के प्राचार्य प्रो. कौशल कुमार, उपप्राचार्य प्रो. एसपी जोशी, जन्तु विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. शशि किरण सोलंकी और शोध निर्देशक डॉ. पुष्पेन्द्र कुमार शर्मा ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने इसे कॉलेज के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए दिव्या के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *