– 31 गेंदों में 103 रन ठोककर आदित्य ने मचाया धमाल
– कप्तान दिव्यांश शर्मा और सार्थक नेगी ने गेंदबाजी में झटके तीन-तीन विकेट
श्रीनगर। गढ़वाल विश्वविद्यालय की अंतर-महाविद्यालयी क्रिकेट प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में डीएवी कॉलेज देहरादून ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आईटीएम देहरादून को नौ विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ डीएवी ने सेमीफाइनल में जगह बना ली। मुकाबले में डीएवी के गेंदबाजों ने पहले आईटीएम के बल्लेबाजों पर अंकुश लगाया, जबकि लक्ष्य का पीछा करते हुए आदित्य सिंह ने तूफानी शतक जड़कर मैच को एकतरफा बना दिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए आईटीएम देहरादून ने निर्धारित 15 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए। आईटीएम की ओर से ईशान नेगी ने 47 गेंदों में 103 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन डीएवी के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोके रखा। डीएवी के कप्तान दिव्यांश के. शर्मा ने दो ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट झटके और उन्हें सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज चुना गया। सार्थक नेगी ने तीन ओवर में 25 रन देकर तीन विकेट हासिल किए, जबकि कार्तिकेय नौडियाल ने एक ओवर में केवल तीन रन देकर दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। 164 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीएवी देहरादून की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। आदित्य सिंह ने महज 31 गेंदों में 103 रन ठोककर विपक्षी गेंदबाजों को पूरी तरह बेअसर कर दिया। उनका साथ देते हुए प्रियांशु बारसवाल ने 34 गेंदों में नाबाद 43 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों की शानदार पारियों की बदौलत डीएवी ने 11.5 ओवर में एक विकेट खोकर 168 रन बना लिए और मुकाबला नौ विकेट से अपने नाम कर लिया।
डीएवी के कप्तान दिव्यांश के. शर्मा ने जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि क्वार्टर फाइनल टीम के लिए बेहद अहम था। गेंदबाजों ने मुश्किल परिस्थितियों में शानदार वापसी की और इसके बाद आदित्य तथा प्रियांशु की आक्रामक बल्लेबाजी ने लक्ष्य को आसान बना दिया। उन्होंने कहा कि पूरी टीम सेमीफाइनल के लिए तैयार और उत्साहित है। इस शानदार जीत के साथ डीएवी देहरादून ने प्रतियोगिता के अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर ली है। टीम की नजरें अब सेमीफाइनल में जीत दर्ज कर खिताबी मुकाबले में पहुंचने पर रहेंगी।