- 24वें दीक्षांत समारोह में 4,795 विद्यार्थियों को मिली उपाधी
- विकसित भारत-2047 के संकल्प में युवाओं की भूमिका को बताया अहम
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं से नौकरी तलाशने तक सीमित न रहने, बल्कि उद्यमिता और नवाचार के जरिए रोजगार देने वाला बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और लगन से ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत का संकल्प साकार होगा। मुख्यमंत्री गुरुवार को बिधौली स्थित यूपीईएस के 24वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने छह विद्यार्थियों को सिल्वर प्लेट पुरस्कार से सम्मानित किया।
दीक्षांत समारोह में उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय से निकलने के बाद उनके जीवन का नया अध्याय शुरू हो रहा है। वास्तविक सफलता के लिए मेहनत, लगन और निरंतर सीखने की भावना जरूरी है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की असली पहचान उसके व्यवहार, विनम्रता और संस्कारों से होती है। युवाओं को अपने ज्ञान और क्षमताओं का उपयोग समाज एवं राष्ट्र की प्रगति के लिए करना चाहिए।
एआई और ग्रीन एनर्जी के दौर में नवाचार पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, ग्रीन एनर्जी और डिजिटल तकनीक का है। राज्य सरकार उत्तराखंड को शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और अनुसंधान के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए प्रयासरत है। प्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू की गई है। वहीं, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक शिक्षा के समन्वय के लिए दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज स्थापित किया गया है। देहरादून में साइंस सिटी का निर्माण भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप, नवाचार और इन्क्यूबेशन सेंटर के माध्यम से युवाओं को उद्यमिता के अवसर दिए जा रहे हैं। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
उपाधि पाकर खुशी से खिल उठे छात्रों के चेहरे
यूपीईएस के इस दीक्षांत समारोह में कुल 4,795 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गई। इनमें नियमित पाठ्यक्रमों के 3,806 और यूपीईएस ऑनलाइन के 989 विद्यार्थी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं। उपाधि मिलने के बाद छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम में यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, यूपीईएस अध्यक्ष डॉ. राम के. शर्मा, कुलपति डॉ. सुनील राय और प्रो-वाइस चांसलर मनीष मदान सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।