12 साल की सनाया का कमाल, सीनियर तीरंदाजी में जीते तीन मेडल

– पुलिस, सेना और अनुभवी खिलाड़ियों के बीच दिखाया दमखम

– शिलांग में 11 से 18 नवंबर तक होगी राष्ट्रीय चैंपियनशिप 

– नेशनल में करेंगी उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व 

देहरादून। महज 12 साल की उम्र में सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों के बीच अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाली श्रीनगर गढ़वाल की सनाया भंडारी ने तीरंदाजी में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) की कक्षा आठ की छात्रा सनाया ने नौवीं सीनियर राज्यस्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में तीन पदक जीतकर राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। अब वह मेघालय के शिलांग में 11 से 18 नवंबर तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।

टिहरी गढ़वाल में आयोजित राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में सनाया का मुकाबला पुलिस, सेना और अनुभवी खिलाड़ियों से हुआ। कड़े मुकाबले के बीच उन्होंने रैंकिंग राउंड में रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य और मिक्स टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतकर कुल तीन पदक अपने नाम किए। उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। सनाया की इस उपलब्धि पर विद्यालय पहुंचने पर प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि 12 वर्ष की उम्र में सीनियर वर्ग में इस तरह का प्रदर्शन असाधारण उपलब्धि है। सनाया ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से प्रदेश की बेटियों के सामने प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने कहा कि कम उम्र में विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां उनके अनुशासन, निरंतर अभ्यास और मेहनत का परिणाम हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सनाया राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगी। कोच कुलदीप बिष्ट के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहीं सनाया इससे पहले सीबीएसई नेशनल में स्वर्ण पदक समेत कई पदक जीत चुकी हैं। उनकी इस सफलता से परिवार और विद्यालय में खुशी का माहौल है। विद्यालय परिवार ने सनाया के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके माता-पिता आरती भंडारी, महापौर श्रीनगर नगर निगम, और लखपत सिंह भंडारी के साथ कोच कुलदीप बिष्ट को भी बधाई दी है।

sanaya-bhandari-national-archery-championship

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *