देहरादून। उद्यमिता की राह में केवल नए विचार होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें हकीकत में बदलने के लिए चुनौतियों का सामना करने, निरंतर प्रयास करने और सफलता की ओर बढ़ने का हौसला भी जरूरी है। यह बात हांगकांग की ग्रीन ऐशेज़ टेक लिमिटेड के डायरेक्टर हो का ला ने ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कही।
हो का ला ने कहा कि उद्यमिता में सफलता के लिए अच्छे विचार के साथ सही कौशल, विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, न्यूनतम व्यवहार्य उत्पाद (एमवीपी) और पूंजी भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने इन पांच तत्वों को किसी भी उद्यम को सफल बनाने में अहम बताया। उन्होंने मार्केट रिसर्च को सफल उद्यम की नींव बताते हुए कहा कि किसी उत्पाद को विकसित करने से पहले बाजार की मांग, ग्राहकों की जरूरतों और प्रतिस्पर्धा को समझना जरूरी है। प्रभावी मार्केट रिसर्च से उद्यमी अपने विचारों को बेहतर बना सकते हैं, संभावित जोखिमों को कम कर सकते हैं और सफलता की संभावनाएं बढ़ा सकते हैं। कार्यक्रम का आयोजन ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग की ओर से किया गया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. कपिल कुमार शर्मा, डॉ. बृजेश प्रसाद सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।