देहरादून। ग्राफिक एरा ग्लोबल स्कूल में दो दिवसीय अंतरविद्यालयी प्रतियोगिता एरावर्स-2026 का शुभारंभ हो गया। प्रतियोगिता में 15 स्कूलों के छात्र-छात्राएं विभिन्न शैक्षणिक, रचनात्मक और तकनीकी गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
एरावर्स के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य राजकुमार त्रेहान ने कहा कि प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और नए विचारों के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को जीत और हार से सीख लेते हुए टीम भावना, रचनात्मक सोच और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। एरावर्स-2026 में दून पब्लिक स्कूल, दून प्रेसीडेंसी स्कूल, एड्रॉइट प्रोग्रेसिव स्कूल और फायलफोट पब्लिक स्कूल समेत 15 स्कूलों के विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं। दो दिवसीय आयोजन के दौरान डिबेट, साइंस एग्जीबिशन, क्विज, स्पेल बी, आर्ट, यूथ पार्लियामेंट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं रोबोटिक्स चैलेंज और पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी ज्ञान क्षमता, तार्किक सोच, रचनात्मकता और तकनीकी कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। एरावर्स-2026 का आयोजन ग्राफिक एरा ग्लोबल स्कूल की ओर से किया जा रहा है।