देहरादून। जय श्रीराम के गगनभेदी जयकारों के बीच ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में 50 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक दशहरा पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रावण दहन के साथ ही पूरा परिसर राममय हो गया।
ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में मंगलवार को दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने रावण के पुतले में अग्नि प्रज्वलित कर दहन किया। देखते ही देखते 50 फीट ऊंचा रावण आग की लपटों में समा गया। इस दौरान परिसर में मौजूद लोगों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाकर उत्सव का उल्लास बढ़ाया। रावण दहन के बाद आयोजित भजन संध्या में विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। भक्ति संगीत के बीच दशहरे का उत्सव और भी उल्लासपूर्ण हो गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों की भागीदारी ने आयोजन को खास बनाया।
इस अवसर पर चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने रावण का पुतला तैयार करने वाली ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी की पेपरटेकी टीम और रंगमंच को 51 हजार रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया। टीम की मेहनत और रचनात्मकता से तैयार 50 फीट ऊंचा पुतला कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. नरपिंदर सिंह, प्रो-वाइस चांसलर डॉ. संतोष एस. सर्राफ, कुलसचिव डॉ. नरेश कुमार शर्मा सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। आयोजन ने सत्य की असत्य पर और अच्छाई की बुराई पर विजय का संदेश दिया।