– एक साल में 37 और एशिया में 108 पायदान का सुधार
देहरादून। ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी ने अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक जगत में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। क्यूएस एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग में विश्वविद्यालय ने दक्षिण एशिया में 101वां और पूरे एशिया में 415वां स्थान प्राप्त किया है। पिछले वर्ष की तुलना में विश्वविद्यालय ने दक्षिण एशिया में 37 और एशिया में 108 पायदान की छलांग लगाई है।
क्यूएस की ओर से जारी रैंकिंग में विश्वविद्यालयों का मूल्यांकन शैक्षणिक प्रतिष्ठा, शोध की गुणवत्ता और प्रभाव, अंतरराष्ट्रीय सहभागिता तथा शैक्षणिक वातावरण सहित विभिन्न वैश्विक मानकों पर किया जाता है। इन मानकों पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए ग्राफिक एरा ने अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता और शोध क्षमता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साबित किया है।
ग्राफिक एरा ने हाल ही में जारी टाइम्स हायर एजुकेशन वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग-2027 में भी अपनी मजबूत वैश्विक उपस्थिति दर्ज कराई है। इस रैंकिंग में विश्वविद्यालय को दुनिया में 561वां स्थान मिला है। भारतीय विश्वविद्यालयों में नौवीं रैंक हासिल करने के साथ ही शोध गुणवत्ता के मामले में देश में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है।
ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि क्यूएस एशिया रैंकिंग में 108 पायदान की छलांग शिक्षा की गुणवत्ता, उसे रोजगार से जोड़ने, नवीनतम तकनीक के इस्तेमाल और विश्वस्तरीय शिक्षकों के प्रयासों का परिणाम है। ग्राफिक एरा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और बड़े मुकाम हासिल करने के लिए गंभीरता से काम कर रहा है।