पर्यावरण संरक्षण से नारी शक्ति तक, नन्हे कलाकारों ने मंच पर बिखेरे प्रतिभा के रंग

– द पॉली किड्स डालनवाला का वार्षिकोत्सव ‘ग्रीनोवेशन’ और ‘युगांतर’ थीम पर आयोजन
देहरादून। द पॉली किड्स, डालनवाला का वार्षिक समारोह बुधवार को हाथीबड़कला स्थित सर्वे ऑफ इंडिया ऑडिटोरियम में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में नन्हे विद्यार्थियों से लेकर वरिष्ठ कक्षाओं के बच्चों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास से दर्शकों का मन मोह लिया। करीब एक हजार अतिथियों और अभिभावकों की मौजूदगी में बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, भारतीय संस्कृति, महिला सशक्तिकरण और बदलते सामाजिक परिवेश का प्रभावशाली चित्रण किया।
समारोह में जूनियर और सीनियर वर्ग के लिए अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। जूनियर वर्ग ने ‘ग्रीनोवेशन-2026 : बदलाव के छोटे हाथ’ विषय पर आधारित प्रस्तुतियों के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। फ्लोरल बीट्स, द ग्रीन वॉरियर्स नुक्कड़ नाटक, छोटी बूंद-बड़ा संदेश, कर्ज-द फार्मर्स स्टोरी, हरियाली-द ट्री डांस और व्हेन नेचर स्पीक्स जैसी प्रस्तुतियों ने प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और हरित भविष्य की आवश्यकता को रेखांकित किया। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से यह संदेश दिया कि पर्यावरण बचाने की जिम्मेदारी हर व्यक्ति की है और छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव का आधार बन सकते हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की। समारोह में द पॉली किड्स के चेयरमैन कैप्टन मुकुल महेंद्रू भी मौजूद रहे। संस्थान की फाउंडर डायरेक्टर रंजना महेंद्रू ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अभिभावकों और सभी सहयोगियों का आभार जताया। समारोह में विद्यालय के निदेशकों, शिक्षकों और अन्य पदाधिकारियों की भी उपस्थिति रही। आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी, सांस्कृतिक चेतना, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का विकास करना भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *