देहरादून। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा दिनांक 21 जून 2026 को आयोजित की जा रही NEET (UG) पुनः परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए देहरादून पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था लागू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों के क्रम में सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के समुचित एवं सुदृढ़ प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।
परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के उद्देश्य से प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें लगातार परीक्षा केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर रही हैं तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा कर रही हैं। निरीक्षण के दौरान यदि किसी प्रकार की कमी पाई जा रही है तो उसे तत्काल संबंधित परीक्षा केंद्र के प्रधानाचार्य एवं उच्चाधिकारियों के समन्वय से दुरुस्त किया जा रहा है। पुलिस द्वारा परीक्षा केंद्रों में कंट्रोल रूम की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, प्रवेश एवं निकास द्वारों की सुरक्षा व्यवस्था, तथा परीक्षा कक्षों की बैठने की योजना (सीटिंग प्लान) की विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि परीक्षा के दौरान पूर्ण निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
इसके अतिरिक्त परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित होटल, ढाबों, धर्मशालाओं एवं गेस्ट हाउस आदि की नियमित रूप से सघन चेकिंग की जा रही है। वहां ठहरे व्यक्तियों का विवरण एकत्र कर उनका सत्यापन किया जा रहा है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर आवश्यक विधिक कार्यवाही भी की जा रही है, जिससे किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि को रोका जा सके। दून पुलिस द्वारा की जा रही यह सघन तैयारी परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा अवधि में किसी भी प्रकार की लापरवाही या संदिग्ध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।