SBPS के खिलाड़ियों ने स्टेट चैंपियनशिप में गाड़े सफलता के झंडे, बैडमिंटन से फुटबॉल तक दिखाया दम

देहरादून। पीईएफआई उत्तराखंड स्टेट चैंपियनशिप-2026 में सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई स्पर्धाओं में जीत का परचम लहराया। वॉलीबॉल में दो खिताब जीतने के साथ ही स्कूल के खिलाड़ियों ने बैडमिंटन, फुटबॉल और शतरंज में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। दो दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर के 750 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न खेल स्पर्धाओं में एसबीपीएस के खिलाड़ियों की उपलब्धियों ने स्कूल की खेल प्रतिभा और तैयारियों को रेखांकित किया।

सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल में आयोजित चैंपियनशिप के समापन समारोह में स्कूल के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी और प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पदक और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया। पीएफआई उत्तराखंड के राज्य सचिव दिव्यांशु गर्ग ने कहा कि सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल ने खेलों के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी माहौल तैयार किया है। चैंपियनशिप में 750 से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं की मजबूत मौजूदगी का प्रमाण है।

वॉलीबॉल में दो वर्गों में चैंपियन

प्रतियोगिता में एसबीपीएस ने वॉलीबॉल के अंडर-19 बालक और अंडर-17 बालिका वर्ग में विजेता बनकर दो खिताब अपने नाम किए। बैडमिंटन में भी स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-12 बालक वर्ग में दक्ष ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि ओम उपविजेता रहे। अंडर-12 बालिका वर्ग में पूर्वी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-14 बालक वर्ग में अक्षत सोलंकी विजेता बने। वहीं, अंडर-14 बालिका वर्ग में अंशिका बलूनी उपविजेता रहीं। अंडर-17 बालक वर्ग में अनय खत्री और बालिका वर्ग में अद्विता ने उपविजेता का स्थान हासिल किया।

फुटबॉल में भी एसबीपीएस का दबदबा

फुटबॉल प्रतियोगिता में एसबीपीएस की टीमों ने कई वर्गों में शानदार खेल दिखाया। अंडर-14 बालिका वर्ग में स्कूल की टीम विजेता रही, जबकि टीम-बी उपविजेता बनी। अंडर-19 वर्ग में भी एसबीपीएस की टीम ने खिताब जीता और टीम-बी दूसरे स्थान पर रही। इसके अलावा अंडर-12 और अंडर-14 बालक वर्ग में स्कूल की टीमों ने उपविजेता बनकर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

कबड्डी के अंडर-14 बालिका वर्ग में सोशल बलूनी की टीम उपविजेता रही। वहीं, शतरंज में वैभव पोखरियाल ने विजेता बनकर स्कूल का मान बढ़ाया। ध्रुव विश्नोई और अन्वेषा उनियाल ने भी शतरंज में शानदार प्रदर्शन किया। कुल मिलाकर पीईएफआई उत्तराखंड स्टेट चैंपियनशिप-2026 में एसबीपीएस के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में मिली सफलताओं ने स्कूल के खेल अभियान को नई मजबूती दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *