प्रांजल दाहिया के हरियाणवी गानों पर झूमे छात्र-छात्राएं, ‘आगाज-26’ में दिखा युवाओं का टैलेंट

देहरादून। द यूनिवर्सिटी ऑफ नॉर्थ वेस्ट हिमालयाज (यूएनडब्ल्यूएच) में ‘आगाज-26’ फ्रेशर्स पार्टी एवं दीपावली महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। समारोह में हरियाणवी कलाकार प्रांजल दाहिया की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रही। उनके लोकप्रिय हरियाणवी गीतों पर विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं जमकर थिरके। वहीं, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. सुभाष चंद्र, ट्रस्टी एवं प्रबंध निदेशक नितेश कुमार, निदेशक एवं उपाध्यक्ष आशीष दाहिया, सचिव हर्षवर्धन और कुलपति प्रो. (डॉ.) विजय मित्तल ने दीप प्रज्ज्वलित और मंत्रोच्चार के साथ किया। इस अवसर पर सेलिब्रिटी अतिथि प्रांजल दाहिया को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के पूर्व विधायक पवन सैनी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कुलपति प्रो. विजय मित्तल ने स्वागत संबोधन में कहा कि यह आयोजन नई पीढ़ी के विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय परिवार से जोड़ने और भारतीय संस्कृति को जीवंत बनाए रखने का अवसर है। उन्होंने कहा कि यह उत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता, सहयोग और उत्साह को मंच प्रदान करने का माध्यम है।
समारोह के पहले चरण में विद्यार्थियों ने गणेश वंदना और दुर्गा वंदना पर शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत किया। इसके साथ ही उत्तराखंडी लोकनृत्य और हरियाणवी-बॉलीवुड मिश्रित नृत्य ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। विश्वविद्यालय की शिक्षिकाओं मीनाक्षी घिल्डियाल और अदिति रावत ने भी बॉलीवुड नृत्य की प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने आकर्षक रैंप वॉक के जरिए अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का परिचय दिया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं की घोषणा की गई। बीसीए प्रथम वर्ष के छात्र आर्यन को मिस्टर फ्रेशर और बीए एलएलबी प्रथम वर्ष की छात्रा अनन्या को मिस फ्रेशर चुना गया। विजेताओं को ताज पहनाकर पुरस्कार प्रदान किए गए। समारोह की अंतिम कड़ी सेलिब्रिटी म्यूजिकल नाइट रही। प्रांजल दाहिया ने ‘बावन गज का दामन’, ‘हो मेरो बालम थानेदार चलावे जिप्सी’ सहित अपने लोकप्रिय हरियाणवी गीतों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। उनके गीतों पर छात्र-छात्राएं देर तक झूमते रहे। विश्वविद्यालय में अध्ययनरत विदेशी विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम का आनंद लिया और भारतीय संस्कृति को करीब से जानने का अवसर प्राप्त किया।
समापन पर विश्वविद्यालय अध्यक्ष डॉ. सुभाष चंद्र ने सभी अतिथियों, आयोजकों और प्रतिभागियों का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन मीनाक्षी घिल्डियाल, अदिति रावत और डॉ. रजनीश ने किया। समारोह में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के साथ विभिन्न उद्योग सहयोगी संस्थानों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *