सुबह 6 बजे सड़कों पर उतरे PWD सचिव पंकज पांडेय, देहरादून के प्रमुख मार्गों का किया निरीक्षण

देहरादून। उत्तराखंड में सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के अभियान के तहत लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पांडेय शनिवार सुबह छह बजे देहरादून के प्रमुख मार्गों के निरीक्षण पर निकले। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ सड़कों की स्थिति का जायजा लिया और गड्ढा भरान व सड़क सुधार कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। प्रदेश की सभी सड़कों को 18 अक्टूबर 2026 तक गड्ढामुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

कालीदास रोड से गढ़ी कैंट तक निरीक्षण

सचिव ने निरीक्षण की शुरुआत कालीदास रोड टर्न से की। इसके बाद कैनाल रोड, नागल, मसूरी डायवर्जन, सहस्रधारा तिराहा, लाडपुर, जोगीवाला और रिस्पना पुल सहित प्रमुख मार्गों का जायजा लिया। उन्होंने घंटाघर, चकराता रोड और गढ़ी कैंट क्षेत्र में भी सड़कों की स्थिति देखी। इस दौरान सड़क सुधार कार्यों की प्रगति का आकलन करते हुए जरूरी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

समयसीमा में काम पूरा करने पर जोर

पंकज कुमार पांडेय ने अधिकारियों को सड़क सुधार कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा का पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि गड्ढों को भरने और सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता से की जाए, ताकि आमजन को आवागमन में सुविधा मिले और सड़क सुरक्षा बेहतर हो सके।

निरीक्षण के दौरान अपर सचिव लोक निर्माण विभाग विनीत कुमार, मुख्य अभियंता दयानंद, अधीक्षण अभियंता ओमपाल सिंह और अरुण पांडेय, अधिशासी अभियंता बी.एन. द्विवेदी सहित अभियंता प्रवीण कुश, दीपक, सुरेश तोमर, विपुल सैमी और संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *