– पटेलनगर क्षेत्र में देर रात चला विशेष अभियान, पुलिस एक्ट में चालान कर दी सख्त चेतावनी
देहरादून। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने शनिवार देर रात विशेष अभियान चलाकर 30 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया और पूछताछ के बाद पुलिस अधिनियम के तहत चालान करते हुए भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा न करने की सख्त हिदायत दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, हुड़दंग करने और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने अपने क्षेत्र में देर रात विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने सड़क किनारे, सार्वजनिक स्थानों और वाहनों में बैठकर शराब पी रहे लोगों की जांच की। कार्रवाई के दौरान 30 लोगों को मौके से हिरासत में लेकर कोतवाली लाया गया। पूछताछ के बाद सभी के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन न करने और कानून का पालन करने की अपील की गई है।