नानकमत्ता साहिब में मुख्यमंत्री धामी ने टेका मत्था, सेवा संकल्प अभियान में किया श्रमदान

उधमसिंहनगर/नानकमत्ता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब पहुंचकर मत्था टेका और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं शांति की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुद्वारा परिसर में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में भाग लेकर श्रमदान भी किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से प्रदेशभर में शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नानकमत्ता साहिब में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें मुख्यमंत्री ने स्वयं सहभागिता कर स्वच्छता का संदेश दिया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक प्रदेश के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर पहुंचते हैं। ऐसे में इन स्थलों के साथ-साथ बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों, सरकारी कार्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता को जनअभियान का स्वरूप दिया जा सकता है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल सहित गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *